मध्यप्रदेश को विकास में नंबर वन राज्य बनाएंगे
लाड़ली बहनों को भाईदूज से 1500 रुपए की राशि दी जाएगी
केन-बेतवा लिंक परियोजना से बुन्देलखण्ड के किसानों और युवाओं की चमकेगी तकदीर
*पराक्रम की पराकाष्ठा का क्षेत्र है बुन्देलखण्ड*
मुख्यमंत्री ने 106 करोड़ के विकास कार्यों का किया लोकार्पण और भूमिपूजन
INDIA NEWS 30
प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि हम सब मिलकर मध्यप्रदेश को विकास के क्षेत्र में नंबर वन प्रदेश बनाएंगे। उन्हांेने कहा कि मध्यप्रदेश का पन्ना जिला प्राकृतिक संसाधनों से समृद्ध है। पन्ना जिले की धरती से हीरा उपजता है। यह महावीरों की धरती है। इस जिले को विकास के क्षेत्र में अग्रणी बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार किसानों, युवाओं, गरीबों और महिलाओं के कल्याण के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में माताओं और बहनों का अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। हमारी धरती रानी झांसी और दुर्गावती का क्षेत्र है। हमारी धरती में महिलाओं का सम्मान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार महिलाओं के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि दीपावली की भाईदूज से लाड़ली बहना योजना के अंतर्गत पात्र लाड़ली बहनों को प्रतिमाह 1500 रुपए की राशि दी जाएगी तथा 2028 तक लाड़ली बहनों को तीन हजार रुपए की राशि प्रतिमाह प्रदान की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि जहां जहां लाड़ली बहना योजना लागू है, वहां घरों में सुख समृद्धि आई है। उन्होंने कहा कि लाड़ली बहना योजना के क्रियान्वयन के लिए राशि की कभी कमी नहीं आने दी जाएगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शुक्रवार को पन्ना जिले के गुनौर विधानसभा क्षेत्र के नगर परिषद अमानगंज में आयोजित महिला सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि केन-बेतवा लिंक परियोजना का कार्य पूर्ण हो जाने से बुन्देलखण्ड क्षेत्र के किसानों और युवाओं की तकदीर चमक जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि बुन्देलखण्ड क्षेत्र के लोग अपनी जमीनें नहीं बेचें। उन्होंने कहा कि लगभग एक लाख करोड़ लागत से बनने वाली केन-बेतवा लिंक परियोजना के पूर्ण होने से बुन्देलखंड क्षेत्र पंजाब और हरियाणा राज्य से भी विकास की दृष्टि से आगे निकल जाएगा। उन्होंने कहा कि बुन्देलखण्ड क्षेत्र के युवा स्वरोजगार स्थापित कर रोजगार देने वाले बनेंगे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि हम सबको आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ना होगा। इसके लिए हमें स्वदेशी को अपनाना होगा और स्वदेशी को बढ़ावा देना होगा, तभी हमारा मध्यप्रदेश आत्मनिर्भर बनेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि नल जल योजनाओं के माध्यम से सरकार हर घर तक पानी पहुंचाने का प्रयास कर रही है। गरीब और कमजोर तबके के लोगों को पक्का मकान देने के प्रयास किए जा रहे हैं। पक्के मकानों में पक्के शौचालय भी मुहैया कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में शासन द्वारा सुकन्या समृद्धि योजना, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना, नारी शक्ति वंदन योजना जैसी अनेक अभिनव योजना चलाई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि स्कूलों में छात्र-छात्राओं को गणवेश, किताब, साईकिल प्रदान की जा रही है तथा प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को लैपटॉप तथा स्कूटी भी प्रदान की जा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश में शासकीय सेवाओं में लगभग एक लाख पदों पर भर्ती की जा रही है। इसी के साथ उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग में लगभग 22 हजार पदों पर भी भर्ती होगी।
उन्होंने कहा कि पन्ना क्षेत्र के औद्योगिकीकरण के लिए सतत प्रयास किए जा रहे हैं। पन्ना में मेडिकल कॉलेज के भूमिपूजन के लिए मैं शीघ्र पन्ना पुनः आउंगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि पन्ना में मेडीकल कॉलेज बन जाने से इस क्षेत्र के युवा मेडीकल की पढ़ाई यहीं रह कर करेंगे और लोगों की सेवा करेंगे। उन्होंने कहा कि पन्ना में मेडीकल कॉलेज बन जाने से लोगों को उपचार के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सरकार द्वारा मरीजों के उपचार के लिए बेहतर से बेहतर व्यवस्थाएं करने के प्रयास किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि केन्द्र सरकार ने जीवन रक्षक दवाओं, और आवश्यक वस्तुओं पर जीएसटी की दरें कम कर दी हैं, इससे आम लोगों को सीधा लाभ मिलेगा।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि बुन्देलखण्ड पराक्रम की पराकाष्ठा का क्षेत्र है। यह वीरों की भूमि है। समारोह में मुख्यमंत्री ने लगभग 106 करोड़ के निर्माण कार्यों और विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया।
समारोह को संबोधित करते हुए क्षेत्रीय सांसद श्री विष्णु दत्त शर्मा ने कहा कि हमारा सौभाग्य है कि आज मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पन्ना जिले को 106 करोड़ रुपए के विकास कार्यों की सौगात दी है। उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन के लिए लगभग 12 हजार करोड़ रुपए मध्यप्रदेश को दिए गए हैं जिसमें पन्ना जिला भी शामिल है। उन्होंने कहा इससे लोगों को स्वच्छ और शुद्ध पेयजल उपलब्ध होगा। सांसद श्री शर्मा ने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार संवेदनशीलता के साथ लोगों की सेवा कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री पन्ना जिले के औद्योगिकीकरण के लिए भी संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रहे हैं।
समारोह को विधायक पन्ना एवं पूर्व मंत्री श्री ब्रजेन्द्र प्रताप सिंह, विधायक गुनौर डॉ. राजेश वर्मा ने भी संबोधित किया। समारोह में मध्यप्रदेश शासन के वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री श्री दिलीप अहिरवार, अध्यक्ष पिछड़ा वर्ग आयोग श्री रामकृष्ण कुसमरिया, विधायक पवई श्री प्रहलाद लोधी, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मीना राजे परमार, नगर पालिका अध्यक्ष पन्ना श्रीमती मीना पाण्डेय, कमिश्नर सागर संभाग श्री अनिल सुचारी, पुलिस महानिरीक्षक श्रीमती हिमानी खन्ना, पुलिस उपमहानिरीक्षक श्री ललित शाक्यवार, कलेक्टर श्री सुरेश कुमार, पुलिस अधीक्षक श्री साईं कृष्ण एस थोटा समेत अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में जनसमुदाय उपस्थित था।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने की घोषणाएं
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अमानगंज प्रवास के दौरान अस्पताल के उन्नयन सहित सात उप स्वास्थ्य केन्द्र खोलने, सलेहा में नवीन महाविद्यालय की स्थापना सहित देवेन्द्रनगर के शासकीय महाविद्यालय में नवीन संकाय प्रारंभ करने एवं स्कूल उन्नयन की घोषणा और अगस्त्य मुनि आश्रम के सौंदर्यीकरण एवं अन्य विकास कार्यों के लिए जरूरी प्रस्ताव तैयार कराने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने खेल स्टेडियम के निर्माण, स्थायी हेलीपैड बनाने, नर्मदा घाटी विकास प्राधिकरण के तहत बरगी नहर सिंचाई प्रणाली की उद्वहन सिंचाई परियोजना की घोषणा भी की। इस परियोजना के क्रियान्वयन से क्षेत्र के 114 गांव लाभांवित होंगे और 25 हजार हेक्टेयर जमीन सिंचित होगी। गढ़ीपडरिया के वृन्दावन बांध और क्षमता में बढोत्तरी कर नहरों के जीर्णाेद्धार कार्य तथा गुनूसागर सिंचाई परियोजना के लिए भी महत्वपूर्ण घोषणा की।
कार्यक्रम स्थल पर मत्स्य विभाग, जल संसाधन, स्वास्थ्य, वन, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग एवं जल निगम, उद्यानिकी विभाग, कृषि तथा महिला एवं बाल विकास विभाग सहित राज्य ग्रामीण अजीविका मिशन द्वारा हितग्राहीमूलक विभिन्न योजनाओं पर केन्द्रित प्रदर्शनी भी लगाई गई। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मंच से प्रतीक स्वरूप हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं के हितलाभ भी वितरित किए।
*106 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन*
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अमानगंज में आयोजित महिला सम्मेलन के कार्यक्रम में 106 करोड़ से अधिक राशि के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। महिला सम्मेलन समारोह में प्रदेश के मुख्यमंत्री ने 23 करोड़ 73 लाख के 9 कार्यों का लोकार्पण किया, लोकार्पित कार्यों में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की 1.04 करोड़ की जल जीवन मिशन की गड़ोखर नल जल योजना, 2.11 करोड़ की बिल्हा सुरदहा नल जल योजना तथा 1.31 करोड़ की टिकरिया नल जल योजना, लोक निर्माण विभाग की 9 करोड़ 99 लाख की 15 किलोमीटर लंबाई की मकरंदगंज हरद्वाही गुनौर सड़क मार्ग का उन्नयन कार्य शामिल है, जबकि नगर परिषद अमानगंज अंतर्गत 90 लाख की लागत राशि से निर्मित क्रमशः ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के लिए ग्राम कुदरा झरकुवा में आवंटित भूमि की बाउंड्रीवाल, वार्ड क्रमांक 5 में झिरिया पुलिया तक नाला निर्माण और मिढ़ासन नदी के किनारे पुल घाट निर्माण कार्य शामिल है। इसी तरह वार्ड क्रमांक 9 में 47 लाख के खेल स्टेडियम बाउंड्रीवाल और 53 लाख की लागत से थाना तिराहा से वार्ड क्रमांक 14 गुनौर रोड में पानी टंकी तक नाला निर्माण का कार्य भी शामिल है। मुख्यमंत्री ने जल संसाधन विभाग के तहत 2 करोड़ 55 लाख से निर्मित मूलपारा बैराज शाहनगर और 4 करोड़ 83 लाख रुपए की लागत से निर्मित देवरी बैराज पवई का भी लोकार्पण किया।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अमानगंज में ग्रामीण यांत्रिकी सेवा, गृह निर्माण एवं अधोसरंचना विकास, लोक निर्माण विभाग, लोक निर्माण विभाग (भवन), म.प्र. भवन विकास निगम तथा दक्षिण वनमंडल के 82.42 करोड़ के कुल 16 विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। इनमें समस्त विकासखंड में 5 करोड़ 26 लाख रुपए की लागत से जनपद पंचायत भवन निर्माण, 1 करोड़ 29 लाख रुपए की लागत से कलेक्ट्रेट परिसर में सीसी रोड, बाउंड्रीवाल, पेपर वर्क, नाली निर्माण तथा प्रवेश द्वार का निर्माण कार्य शामिल है। इसी तरह मड़ला में 48 लाख रुपए की लागत से बनने वाले आयुष औषधालय, गुनौर में 9 करोड़ 41 लाख से 8 किलोमीटर लंबाई की बड़वारा गुनौर मुख्यमार्ग से मकरी मार्ग, 5 करोड़ 72 लाख की लागत से 4 किलोमीटर लंबाई की हीरापुर से बिहरासर मार्ग, 4 करोड़ 89 लाख की लागत से निर्मित होने वाले 4 किलोमीटर लंबाई के मड़ैयन से बिहरासर मार्ग का भूमिपूजन किया। मुख्यमंत्री ने एक करोड़ 36 लाख रुपए की लागत से बनने वाले गुनौर, पवई तथा अजयगढ़ एसडीएम कार्यालय भवन का भूमिपूजन भी किया। इसके अतिरिक्त 15-15 करोड़ से बनने वाले शासकीय संस्कृत महाविद्यालय देवेन्द्रनगर और खोरा शासकीय महाविद्यालय भवन सहित 25 लाख रुपए राशि से निर्मित होने वाले काष्ठागार अधिकारी आवास का भी भूमिपूजन किया।
*मुख्यमंत्री डॉ. यादव के अमानगंज हेलीपैड आगमन पर हुआ आत्मीय स्वागत*
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शुक्रवार को पन्ना जिले की गुनौर विधानसभा के अमानगंज में महिला सम्मेलन के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए अमानगंज हेलीपैड पहुंचे। इस अवसर पर सांसद खजुराहो श्री विष्णु दत्त शर्मा भी साथ थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव के हेलीपैड आगमन पर वन एवं पर्यावरण राज्य मंत्री श्री दिलीप अहिरवार, विधायक पन्ना एवं पूर्व मंत्री श्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह, विधायक गुनौर डॉ. राजेश वर्मा, बृजेन्द्र मिश्रा, सतानंद गौतम एवं अन्य जनप्रतिनिधियों ने आत्मीय स्वागत किया। प्रशासन की ओर से कमिश्नर श्री अनिल सुचारी, पुलिस महानिरीक्षक श्रीमती हिमानी खन्ना, पुलिस उप महानिरीक्षक श्री ललित शाक्यवार, कलेक्टर श्री सुरेश कुमार, पुलिस अधीक्षक श्री साईं कृष्ण एस थोटा ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने आम जनता का हाथ उठाकर अभिवादन किया और महिला सम्मेलन के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए रवाना हुए।
